
हनुमानगढ़| स्कूली स्तरीय राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा मणिका बिश्नोई सहित विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में पदक जीतने वाले 23 विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ा अहम रहा। दरअसल कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने इन विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को “कॉफी विद कलेक्टर’ कार्यक्रम में आमंत्रित किया एवं इनसे सभी पहलुओं पर चर्चा की। विदित रहें कि जिला कलेक्टर द्वारा किए गए इस नवाचार में यह पहला कार्यक्रम था, जब कलेक्टर और एसपी हरी शंकर विद्यार्थियों से सीधी चर्चा कर रहे थे। कलेक्टर ने प्रत्येक खिलाड़ी से हर पहलू पर चर्चा करते हुए, उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
कलेक्टर द्वारा खिलाड़ियों को बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओं और मानस अभियान के लोगो के बैग, डायरी और कॉफी मग वितरित किए गए।
आठवीं कक्षा में अध्ययनरत रोलर स्केटिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी रूपिंदर कौर ने संगरिया में राष्ट्रीय स्तर के रिंक निर्माण कराने, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शारीरिक शिक्षिका श्रीमती चंपा ने मक्कासर में सॉफ्टबॉल सामग्री उपलब्ध करवाने तथा मैदान में पुलिस रेकी बढ़ाने, एथलीट देविका ने ललाना बास दिखनादा के खेल मैदान में जिम के संसाधन उपलब्ध करवाने सहित विभिन्न खिलाड़ियों, अभिभावकों तथा प्रशिक्षकों ने सुझाव दिए। कॉफी दिद कलेक्टर पर खिलाड़ियों से चर्चा करते कलेक्टर व एसपी
यह खिलाड़ी भी रहे मौजूद “कॉफी विद कलेक्टर” में नेशनल वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक विजेता नरेश कुमार, धैर्य स्वामी, 17 वर्षीय कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता अजय कुमार, हैंडबॉल 14 वर्षीय में स्वर्ण पदक विजेता अभिजोत, अभिमन्यु बिश्नोई, भुवन सिंह, निशा, युक्ति, वेटलिफ्टिंग 14 वर्षीय में स्वर्ण पदक विजेता हरमन सिंह, वॉलीबॉल 17 वर्षीय में रजत पदक विजेता जन्नत और योगिता, सॉफ्टबॉल में कांस्य पदक विजेता गायत्री और रीटा, वूशु में स्वर्ण पदक विजेता विक्की, गुलशन और आशु, रजत पदक विजेता निरीक्षा कंवर, मनीष कुमार और नरेंद्र तथा रेसलिंग में आरजू ने हिस्सा लिया।
