
एक्सईएन-ठेकेदार ही बनाएगा सड़क, नगर परिषद भुगतान नहीं करेगी नगरपरिषद एक्सईएन रामप्रसाद मीणा का कहना है कि करीब 6 माह पूर्व सीवरेज ठेकेदार ने ही पाइप बिछाने के लिए सड़क उखाड़ी थी जिसका बाद ठेकेदार ने ही पुनर्निर्माण किया था। रेलवे क्रॉसिंग की तरफ सीवरेज लाइन मिलान किया जाना है इसलिए अब सीवरेज ठेकेदार ने ही वापस सड़क तोड़ी है जिसका पुनर्निर्माण भी ठेकेदार की ओर से ही किया जाएगा जिसकी एवज में परिषद उसे कोई भुगतान नहीं करेगी।
इनसाइड: 27 किमी ही बिछी है सीवरेज लाइन, 1040 घरों में कनेक्शन शुरू ही नहीं भास्कर संवाददाता | हनुमानगढ़ जंक्शन में चूना फाटक के पास करीब डेढ़ माह पहले निर्मित सीसी रोड को सीवरेज लाइन बिछाने के लिए दोबारा तोड़ दिया गया। इससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार सीवरेज मिलान के लिए पाइप लाइन डालना भूल गया था जिसके लिए अब दुबारा सड़क को तोड़ा गया है। ऐसे में इस पर नगरपरिषद की मॉनिटरिंग पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि परिषद अभियंताआंे की कमजोर मॉनिटरिंग और बगैर ठोस प्लानिंग के कार्य से न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है बल्कि नागरिकों को भी दुबारा परेशानी झेलनी पड़ेगी। हालत यह है कि अभी जगह-जगह सड़कें खोदी जा रही हैं। जंक्शन में संगरिया रोड पर कन्या स्कूल के पास भी मुख्य सड़क को एक तरफ से खोद दिया गया है। बता दें कि अमृत मिशन-2 के तहत जंक्शन में 50.40 करोड़ की लागत वाले सीवरेज प्रोजेक्ट में दूसरी डेडलाइन निकलने के बाद भी काम अधूरा है। पहले 15 मार्च तक यह काम पूरा किया जाना था लेकिन बाद में 16 दिसंबर तक एक्सटेंशन दिया था। तय अविध बीतने के बाद भी अभी तक न तो पूरी सीवरेज लाइन बिछी है और न ही एसटीपी शुरू हो सका है। ठेकेदार कंपनी ने मार्च 2026 तक एक्सटेंशन मांगा है लेकिन जिस तरह काम हो रहा है उससे नहीं लगता है कि मार्च तक भी यह काम पूरा होगा। ऐसी स्थिति में जनता का अभी कई माह और परेशान होना तय है। अमृत मिशन-2 में 50.40 करोड़ रुपए की लागत से नई सीवरेज लाइन बिछाने के साथ ही एसटीपी को अपग्रेड कर क्षमता बढ़ाई जानी है। 32 किलोमीटर में से अभी तक 26.700 किमी सीवरेज लाइन ही बिछी है। जिम्मेदार अभियंताओं की कमजोर मॉनिटरिंग और ठेकेदार की ढिलाई के कारण कार्य में देरी के कारण आमजन को परेशानी भुगतनी पड़ रही है। बड़ी समस्या यह है कि बिना ट्रीट पानी खुले में फेंका जा रहा है।
वहीं, जहां पर सीवरेज लाइन बिछ चुकी है वहां पर सड़क को हाथों-हाथ दुरूस्त नहीं की जा रही है। सीवरेज बना रही कंपनी ने बिना किसी कार्य योजना के शहर के कई वार्डों में सड़कों को जहां-तहां से तोड़ दिया लेकिन निर्माण की धीमी गति होने के कारण हादसे हो रहे हैं। धीमी गति से कार्य के कारण नगरपरिषद ठेकेदार फर्म पर 2.23 करोड़ की पेनल्टी भी लगा चुकी है। हनुमानगढ़। सीवरेज लाइन बिछाने के लिए तोड़ी सीसी सड़क।
