
हनुमानगढ़। जिले में मौसम के मिजाज में धीरे धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ होती है, वहीं दोपहर को अच्छी धूप लोगों को राहत देती है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह और रात के समय सर्दी का असर अब भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 जनवरी के बाद शीतलहर से राहत मिलने की संभावना है। उत्तरी दिशा से चलने वाली ठंडी हवाएं कमजोर पड़ेंगी, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। बीते कुछ दिनों से सक्रिय शीतलहर के कारण आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, खासकर सुबह के समय सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में यह बदलाव फसलों के लिए अनुकूल साबित हो सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने 21 जनवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी भी जारी की है। इसके प्रभाव से जिले में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एक्सपर्ट: आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना: राज्य में सर्द हवा और कोहरे का असर श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और उनके आसपास के एरिया में रहेगा।
18 के आसपास और 22 से 24 जनवरी के बीच विक्षोभ के एक्टिव होने से तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी। इसके असर से कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं। बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। इन दिनों लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है। राधेश्याम शर्मा, मौसम वैज्ञानिक नोहर क्षेत्र में लोहे पर जमी एक बर्फ।
