
हनुमानगढ़। शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व सुचारु बनाने की दिशा में रविवार को एक सराहनीय पहल देखने को मिली। यातायात पुलिस थाना हनुमानगढ़ परिसर में जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, यातायात थाना अधिकारी अनिल चिंदा, कल्याण से बलजिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, रंजोत सिंह सरां, नवप्रताप सिंह ने 12 यातायात बेरीगेट का लोकार्पण किया गया। यह बेरीगेट कल्याण ज्वेलर्स की ओर से भामाशाह सहयोग के रूप में यातायात पुलिस को प्रदान किए गए हैं।
यातायात थाना अधिकारी अनिल चिंदा ने जानकारी देते हुए बताया कि कल्याण ज्वेलर्स द्वारा लगभग डेढ़ लाख रुपये की लागत से 12 यातायात बेरीगेट तैयार कराए गए हैं, जिन्हें यातायात पुलिस थाना हनुमानगढ़ को सुपुर्द किया गया है। उन्होंने कहा कि इन बेरीगेटों के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को नियंत्रित करने में काफी सहायता मिलेगी। इससे न केवल जाम की समस्या में कमी आएगी, बल्कि आमजन को भी सुरक्षित व व्यवस्थित यातायात का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने कल्याण ज्वेलर्स द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि शहरवासियों और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार का भामाशाह सहयोग पुलिस प्रशासन का मनोबल बढ़ाता है और जनसहयोग से ही शहर को सुव्यवस्थित व सुरक्षित बनाया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी समाज के अन्य लोग एवं संस्थाएं इस तरह के सहयोग के लिए आगे आएंगी।
अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने भी इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि यातायात नियमों के पालन और संसाधनों की उपलब्धता से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। बेरीगेटों के उपयोग से यातायात नियंत्रण में सुविधा होगी और पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में मदद मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ कल्याण ज्वेलर्स के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने इस सहयोग को शहरहित में महत्वपूर्ण कदम बताया और यातायात व्यवस्था सुधार में सामूहिक सहभागिता पर बल दिया।
