
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में लगातार पांचवां मैच जीतकर चौथे सीजन के प्लेऑफ में जगह बना ली। टीम ने सोमवार को वडोदरा में गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराया। प्लेयर ऑफ द मैच गौतमी नायक ने फिफ्टी लगाई। वहीं गेंदबाजी में सयाली साटघरे ने 3 विकेट लिए।

गौतमी नायक प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।
खराब शुरुआत के बाद मंधाना ने संभाला कोटाम्बी स्टेडियम में गुजरात ने बॉलिंग चुनी। बेंगलुरु ने पावरप्ले में 2 विकेट गंवा दिए। ग्रेस हैरिस और जॉर्जिया वोल 1-1 रन बनाकर आउट हो गईं। कप्तान स्मृति मंधाना ने फिर गौतमी नायक के साथ टीम को संभाल लिया। दोनों ने फिफ्टी पार्टनरशिप कर ली। मंधाना 26 रन बनाकर आउट हुईं।
गौतमी ने फिर ऋचा घोष के साथ फिफ्टी पार्टनरशिप की और टीम को 130 के पार पहुंचा दिया। ऋचा 27 रन बनाकर आउट हुईं। गौतमी भी 73 रन बनाकर आउट हो गईं। आखिर में राधा यादव ने 17, नदीन डी क्लर्क ने 4 और श्रेयांका पाटील ने 8 रन बनाकर टीम को 178 तक पहुंचा दिया।

स्मृति मंधाना ने गौतमी नायक के साथ फिफ्टी पार्टनरशिप की।
गार्डनर-काशवी को 2-2 विकेट गुजरात जायंट्स से कप्तान एश्ले गार्डनर ने 43 रन देकर 2 विकेट लिए। काशवी गौतम ने 38 रन दिए और 2 विकेट लिए। रेणुका सिंह और सोफी डिवाइन ने 4-4 ओवर फेंक कर 1-1 विकेट लिया। हैप्पी कुमारी, जॉर्जिया वेयरहम और तनुजा कंवर कोई विकेट नहीं ले सकीं।
गार्डनर की फिफ्टी के बावजूद हारा गुजरात 179 रन के टारगेट के सामने गुजरात ने 5 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। सोफी डिवाइन और कनिका आहूजा खाता भी नहीं खोल सकीं। विकेटकीपर बेथ मूनी 3 रन बनाकर आउट हुईं। 56 रन तक टीम ने 3 और विकेट गंवा दिए। अनुष्का शर्मा 18, काशवी गौतम 4 और जॉर्जिया वेयरहम 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
कप्तान एश्ले गार्डनर ने एक एंड संभाल लिया, भारती फुलमाली उनके साथ कुछ देर टिकी रहीं। गार्डनर भी फिफ्टी लगाने के बाद 17वें ओवर में आउट हो गईं। फुलमाली 14 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 117 रन ही बना सकी और 61 रन से मुकाबला गंवा दिया।

लौरेन बेल ने 1 विकेट लिया।
साटघरे को लगातार दूसरे मैच 3 विकेट तेज गेंदबाज सयाली साटघरे ने लगातार दूसरे WPL मैच में 3 विकेट झटक लिए। उन्होंने 21 रन ही दिए। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी उन्होंने 3 विकेट लिए थे। नदीन डी क्लर्क ने 2 विकेट लिए। लौरेन बेल, राधा यादव और श्रेयांका पाटील को 1-1 विकेट मिला।
प्लेऑफ में पहुंची 2024 की चैंपियन WPL के 3 सीजन खेले जा चुके हैं। 2023 और 2025 में मुंबई इंडियंस ने खिताब जीता। वहीं 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु चैंपियन बनी। टीम ने चौथे सीजन में लगातार 5 मैच जीतकर फिर एक बार नॉकआउट राउंड में एंट्री कर ली। RCB के अलावा कोई टीम 3 मैच भी नहीं जीत सकी। मुंबई, यूपी और गुजरात के पास 2-2 जीत है। बेहतर रन रेट के कारण MI दूसरे और यूपी तीसरे नंबर पर है। दिल्ली एक जीत के बाद आखिरी पोजिशन पर है।
