
हनुमानगढ़ । जण्डावाली गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मतदाता सूची से नाम काटने की प्रक्रिया पर विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन विभाग की एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया का कुछ लोग गलत तरीके से दुरुपयोग कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, कांग्रेस नेता गुरदीप चहल और माकपा नेता रघुवीर वर्मा भी मौजूद थे।
कांग्रेस और माकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि एक समुदाय विशेष को निशाना बनाकर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम जण्डावाली के बूथ संख्या 37 से 45 तक कुछ लोगों द्वारा फर्जी प्रपत्र-7 भरकर वैध मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह कार्य जानबूझकर द्वेष भावना से किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन है।
इस संबंध में जिला कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि संबंधित बूथों पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आपत्तियां दर्ज करवाई गई थीं। हालांकि, बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) स्तर पर की गई जांच में यह सामने आया कि प्रस्तुत किए गए प्रपत्र-7 झूठे और निराधार थे। बीएलओ ने पुष्टि की कि जिन मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए आवेदन आए थे, वे सभी वास्तविक और पात्र मतदाता पाए गए।
इसके बावजूद ग्रामीणों में आशंका बनी हुई है कि यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया, तो बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकते हैं, जिससे आगामी चुनावों में उनके मतदान अधिकार प्रभावित होंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से एसआईआर प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने और बूथ संख्या 37 से 45 तक के सभी मतदाताओं के नाम यथावत रखने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने फर्जी प्रपत्र भरकर वोट कटवाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।
