
हनुमानगढ़ । हनुमानगढ़ जिले में 23 जनवरी से गिरदावर सर्किल स्तर पर ‘ग्राम उत्थान शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट–2026 (ग्राम)’ के सफल आयोजन के बाद विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों और पशुपालकों तक पहुंचाना है।
ये शिविर बसंत पंचमी से शुरू होकर 23, 24, 25 और 31 जनवरी और 1, 5, 6, 7, 8 और 9 फरवरी को दो चरणों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगेंगे।
हनुमानगढ़ के एसडीएम मांगीलाल सुथार ने बताया कि इन शिविरों में किसानों और पशुपालकों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और सहकारिता सहित कुल 12 विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलेगा। लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र होने पर स्वीकृतियां भी जारी की जाएंगी।
शिविरों में विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन–ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) गारंटी अधिनियम–2025 के तहत विकास कार्यों के प्रस्ताव भी लिए जाएंगे। कृषि और उद्यानिकी विभाग तारबंदी, डिग्गी, पाइपलाइन, फार्म पॉण्ड, ड्रिप व फव्वारा सिंचाई, प्लास्टिक मल्च, सौर पंप, पॉलीहाउस, बीज व मिनी किट वितरण, सॉइल हेल्थ कार्ड, फसल बीमा और एमएसपी से जुड़ी जानकारी प्रदान करेगा। बैलों से खेती करने वाले किसानों को 30 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि से संबंधित मामलों का भी निस्तारण किया जाएगा।
कृषि विपणन विभाग पीएमएफएमई के आवेदन, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना और किसान विश्राम स्थल निर्माण के प्रस्ताव तैयार करेगा। सहकारिता विभाग मुख्यमंत्री किसान निधि का डीबीटी, किसान क्रेडिट कार्ड, सहकारी बैंक खाते, स्वयं सहायता समूहों को ऋण, 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान योजना, एनसीओएल–एनसीईएल सदस्यता और गोदाम निर्माण से जुड़े कार्य संभालेगा।
पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पंजीकरण, पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु आहार व खनिज मिश्रण वितरण और गोशाला विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
