
हनुमानगढ़ । कांग्रेस सेवादल ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ और सदस्यता अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अभियान की शुरुआत जिला स्तरीय बैठक के साथ हुई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने की।
बैठक में कांग्रेस सेवादल के राजस्थान प्रभारी गोविंद भाई पटेल, प्रभारी ज्योति खन्ना, पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी, सेवादल उपाध्यक्ष कमल कल्ला, संभाग प्रभारी विमल भाटी, गंगानगर जिलाध्यक्ष मृदुल कामरा, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा और कृष्ण नेहरा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार कांग्रेस द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले केंद्र सरकार 90 प्रतिशत हिस्सा वहन करती थी, जिसे अब घटाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। चौधरी ने इसे योजना को समाप्त करने की मंशा बताया।
राजस्थान प्रभारी गोविंद भाई पटेल ने कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान के लक्ष्य बताए और उन्हें प्राप्त करने का रोडमैप साझा किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत व निकाय चुनावों में संगठन में सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ताओं को टिकट वितरण में प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रभारी ज्योति खन्ना ने सेवादल के “सात गुणा सात” संगठनात्मक ढांचे की जानकारी दी और पदाधिकारियों के दायित्व स्पष्ट किए। उन्होंने प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
सेवादल उपाध्यक्ष कमल कल्ला ने कहा कि मनरेगा की मूल भावना ‘हर हाथ को काम और पूरे दाम’ की थी, लेकिन भाजपा सरकार इस योजना को कमजोर कर रही है। जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने बताया कि आगामी चुनावों में सेवादल के कार्यकर्ता गांधी टोपी व निर्धारित ड्रेस में बूथ एजेंट के रूप में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान और टिकट दिलाने के लिए संघर्ष का आश्वासन दिया।
इस दौरान एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों पर भी चर्चा हुई। बैठक में यंग ब्रिगेड, ब्लॉक अध्यक्षों, महिला व अनुसूचित जाति विभाग सहित बड़ी संख्या में सेवादल पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
