
हनुमानगढ़ में टाउन थाना पुलिस ने धारदार हथियार सहित 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। इन युवकों को हनुमानगढ़ के अलग-अलग वार्डों से पकड़ा गया। पुलिस ने बुधवार देर शाम आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एएसआई रामकुमार वार्ड 36 में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार छुरा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान वार्ड 2, चक ज्वाला सिंहवाला निवासी नारायणदास (21) के रूप में बताई।
इसी तरह टाउन क्षेत्र के वार्ड 45 में एएसआई रामप्रसाद ने पुलकित (24) को एक धारदार कापा सहित पकड़ा। पुलकित श्रीगंगानगर की इंद्रा कॉलोनी का निवासी है। पुलिस को आशंका है कि ये आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इस संबंध में दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
