
श्रीगंगानगर जिले में सुबह-शाम तेज ठंड व सर्द हवाओं का दौर जारी है। मौसम ड्राई बना हुआ है और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे धूप में भी ठंडक बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग ने 22 जनवरी को जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

लालगढ़ जाटान में एक घर में जमी पानी की बूंदे।
न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रिकार्ड
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर के पर गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।
बुधवार को यहां न्यूनतम पारा 6.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री रहा, जबकि मंगलवार को न्यूनतम 8.0 डिग्री और अधिकतम 22.6 डिग्री दर्ज हुआ।
पिछले कुछ दिनों से निकल रही धूप के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी दिख रही है, लेकिन रातें अभी भी काफी ठंडी हैं।
6 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को 6 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के जिलों में बादल छाए रहेंगे।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक- एक बैक-टू-बैक नया पश्चिमी विक्षोभ अगले सप्ताह एक्टिव होगा, जिसके प्रभाव से 26 से 28 जनवरी के बीच मौसम में बड़ा बदलाव आएगा।
आसमान में घने बादल छाएंगे और मावठ का दौर शुरू हो सकता है। उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर आंधी-ओलावृष्टि की भी संभावना जताई जा रही है।
