
श्रीगंगानगर। जल संसाधन विभाग के अधिकारी से ऐसी स्थिति के चलते पंजाब में डेरा डाले हुए हैं तथा सभी अधिकारियों ने फोन बंद कर रखे हैं। ऑनलाइन सार्वजनिक की जाने वाली बीकानेर कैनाल में आरडी 45 व खखां हेड पर मिलने वाली पानी की रिपोर्ट भी जारी करना बंद कर दिया है। ऐसी स्थिति के चलते किसानों में आक्रोश है। ^ऐसे तो नहीं मिल पाएगा पानी: हुसैनीवाला से पुरानी बीकानेर कैनाल में पानी का प्रवाह बंद है। फिरोजपुर फीडर से आरडी 45 पर पानी की आवक कम हो रही है। गुरुवार सुबह तक फीडर से पानी मिलना बंद भी हो जाएगा। ऐसे में सिंचाई बारियां पिटना तय है ।
किसानों में आक्रोश है। -हरविंद्र सिंह गिल, प्रोजेक्ट चेयरमैन गंगनहर श्रीगंगानगर फिरोजपुर फीडर पुनर्निर्माण के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तहत हुसैनीवाला से पानी लेने में किसानों ने जिस समस्या का हवाला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिया था अब पंजाब सिंचाई विभाग के अधिकारियों को उसी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आरडी 45 पर पुरानी बीकानेर कैनाल में बनी बाधक दीवार को तोड़े बिना पानी लिया जाना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में हुसैनीवाला से पुरानी बीकानेर कैनाल में पानी का प्रवाह बंद करवाना पड़ा है। फिरोजपुर फीडर में हरिके बैराज से बीती रात पानी का प्रवाह पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया। इस कारण फीडर से आरडी 45 पर भी बीकानेर कैनाल में पानी का प्रवाह घटना शुरू हो गया। बुधवार दोपहर तक आरडी 45 पर 1300 क्यूसेक पानी की आवक हो रही थी। साथ ही हुसैनीवाला से पुरानी बीकानेर कैनाल में गत दिवस छोड़ा गया पानी भी पहुंचना शुरू हो गया। लेकिन पुरानी बीकानेर कैनाल में आरडी 45 पर बनी चार फीट की बाधक दीवार तोड़े बिना पानी राजस्थान की बीकानेर कैनाल में नहीं लिया जा सका। ऐसे में पुरानी बीकानेर कैनाल में डाफ लगनी शुरू हो गई तथा नहर टूटने का खतरा पैदा हो गया। ऐसे में सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने हुसैनीवाला से इस नहर में पानी का प्रवाह बंद करवा दिया।
रात साढ़े आठ बजे तक फिरोजपुर फीडर से आरडी 45 पर एक हजार क्यूसेक के आसपास पानी की आवक हो रही थी। वहीं, दूसरी ओर से राजस्थान बॉर्डर पर गंगनहर में भी पानी का प्रवाह कम होना शुरू हो गया है। रात आठ बजे तक पानी की मात्रा घटकर 1300 क्यूसेक रह गई। फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण को लेकर नहरबंदी को लेकर बीते दिनों जल संसाधन विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठक में किसानों ने पुरानी बीकानेर कैनाल आरडी 45 बनी चार फीट की बाधक दीवार तोड़े बिना पुरानी बीकानेर व ईस्टर्न कैनाल से पानी ले पाना संभव नहीं होने की बात कही थी। लेकिन विभाग के तकनीकी अधिकारी इस बात पर अड़े रहे कि पानी बिना दीवार तोड़े भी लिया जा सकता है। ऐसी स्थिति में अब गंगनहर में पानी का प्रवाह बाधित होने व गंगनहर से जुड़ी वितरिकाएं पिटना तय है।
