
श्रीगंगानगर । जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में चल रहे नशा मुक्त अभियान के तहत किकरवाली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों के साथ शिक्षकगण व अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के विक्रम ज्याणी ने कहा कि नशा कोई आदत नहीं, बल्कि पहचान और भविष्य छीन लेने वाली बीमारी है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि नशा सपनों को खत्म कर देता है और व्यक्ति को परिवार व समाज से दूर कर देता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अम्बरीश कुमार ने कहा कि यह कार्यशाला एक चेतना का आह्वान है और सही समय पर लिया गया सही निर्णय ही उज्ज्वल भविष्य का आधार बनता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और अपने मित्रों को भी इससे बचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
