
हनुमानगढ़। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सशक्त नारी संस्थान की ओर से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, चकज्वाला रोड में स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनमें ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। पूजा के पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में प्रसन्नता देखी गई। इस अवसर पर बच्चों को कृष्ण भोग भी वितरित किया गया, जिसे उन्होंने बड़े हर्ष और श्रद्धा के साथ ग्रहण किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री ओम प्रकाश ने सशक्त नारी संस्थान द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था के प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम को और भी विशेष बनाते हुए बताया गया कि आज का दिन बसंत पंचमी के साथ-साथ महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। इस अवसर पर बच्चों को देशभक्ति, अनुशासन, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल ने अपने संबोधन में बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, विद्या और सकारात्मक सोच का प्रतीक है। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन से प्रेरणा लेते हुए बच्चों से राष्ट्रप्रेम, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संस्थान की कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, स्वेता गोयल, रिंकल गर्ग, अंजली बंसल, मोनिका बब्बर एवं अनीता गर्ग उपस्थित रहीं। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
