
श्रीगंगानगर। रीको इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक अनाज वेयरहाउस से लाखों रुपए के ग्वार और मूंग के बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹15 लाख 23 हजार रुपए का चोरी का माल बरामद किया गया है। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों को भी जब्त किया गया है। आरोपी वेयरहाउस में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहे थे।
11 जनवरी को दर्ज हुई थी शिकायत
सदर थाना पुलिस स्टेशन में 11 जनवरी को दर्ज कराई गई शिकायत में पवन कुमार शर्मा, निवासी श्रीगंगानगर ने बताया कि स्टार एग्री वेयरहाउसिंग एंड कोलेटरल मैनेजमेंट लिमिटेड द्वारा किराए पर लिए गए गोदामों में हार्दिक एग्रीट्रेड प्राइवेट लिमिटेड, एल्पनों पल्सेज प्राइवेट लिमिटेड और शक्ति एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड का अनाज संग्रहित था। इन गोदामों की सुरक्षा के लिए कंपनी की ओर से सिक्योरिटी गार्ड नियुक्त किए गए थे।

पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
वैरिफिकेशन में कम मिले थे बैग
शिकायतकर्ता ने बताया कि 3 जनवरी को जब गोदामों का भौतिक सत्यापन किया गया, तो हार्दिक एग्रीट्रेड और एल्पनों पल्सेज के गोदाम से ग्वार के करीब 225 बैग और मूंग के 125 बैग कम पाए गए। वहीं शक्ति एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम से ग्वार के 115 बैग और मूंग के 110 बैग गायब मिले।
इसके बाद चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
गार्ड-सुपरवाइजर और ड्राइवर निकले आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि वेयरहाउस में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ही चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने सन्नी चौहान, अनिल कुमार, देशराज, राजेश कुमार और पिकअप ड्राइवर मदन लाल को गिरफ्तार किया है।
₹15.23 लाख का माल और दो वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹15 लाख 23 हजार रुपए मूल्य के ग्वार और मूंग के बैग बरामद किए हैं। साथ ही चोरी के माल के परिवहन में इस्तेमाल की गई टोयोटा एटियोस लीवा कार, महिंद्रा पिकअप को भी जब्त कर लिया गया है।
