
हनुमानगढ़। मणिपुर में आयोजित 69वीं नेशनल वूशु चैंपियनशिप में हनुमानगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी करमवीर ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इन्दिरा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र करमवीर की इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय, बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले में खुशी और गर्व का माहौल व्याप्त है। खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में इस सफलता को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
करमवीर ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने देशभर से आए मजबूत खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है।
करमवीर की इस ऐतिहासिक जीत पर इन्दिरा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य रमेश सैन एवं डायरेक्टर दयाराम सैन ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विजेता खिलाड़ी करमवीर और उनके कोच शंकर सिंह नरूका को हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य रमेश सैन ने कहा कि करमवीर की सफलता उसकी मेहनत, अनुशासन और कोच शंकर सिंह नरूका के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि करमवीर ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय के डायरेक्टर दयाराम सैन ने बताया कि करमवीर की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि स्कूल हमेशा से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
इस अवसर पर स्कूल प्रशासन और समस्त स्टाफ ने भी खुशी जताते हुए करमवीर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आशा व्यक्त की कि वह आगे भी इसी तरह सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
