
हनुमानगढ़। जिला हनुमानगढ़ हॉकी संघ के तत्वाधान में जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित मिनी सब जूनियर छात्र राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई टीमों के बीच कड़ा संघर्ष रहा, वहीं खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना ने दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविन्द्र बिश्नोई, राजस्थान हॉकी संघ के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, राजेन्द्र गोदारा वीडी मोटर्स, भाजपा नेता अपारजोत सिंह बराड़, इकबाल सिंह पप्पी कोच तथा गोलूवाला यातायात प्रभारी विनोद लेघा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला हनुमानगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष राकेश बेनीवाल ने की। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
आयोजन समिति के सचिव सुनील भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 25 जनवरी को संपन्न होगी। प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता की विजेता टीम लखनऊ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी, जिससे खिलाड़ियों में अतिरिक्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में पहला मैच हनुमानगढ़ और जोधपुर के मध्य खेला गया। इस मैच में हनुमानगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोधपुर को 13-0 के बड़े अंतर से पराजित किया। हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा और लगातार गोल दागकर जीत सुनिश्चित की।
प्रतियोगिता के तहत आगामी सेमीफाइनल मुकाबले हनुमानगढ़ बनाम भीलवाड़ा तथा नागौर बनाम फलोदी के मध्य खेले जाएंगे। इन मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह बना हुआ है।
इस अवसर पर गोलूवाला यातायात प्रभारी विनोद लेघा ने जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उन्होंने इस आयोजन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए जिला हनुमानगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष राकेश बेनीवाल, सचिव सुनील भारद्वाज तथा कोषाध्यक्ष भगीरथ कड़वासरा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए जिला हनुमानगढ़ हॉकी संघ की सराहना की और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
