
हनुमानगढ़ । पराक्रम दिवस के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामान्य ज्ञान एवं बौद्धिक क्षमता का विकास करना रहा। इस प्रतियोगिता में मदान स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया। प्रथम वर्ग में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों तथा द्वितीय वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता विशेष रूप से ऑपरेशन सिंदूर पर आयोजित की गई थी जिसमें इस ऑपरेशन से संबंधित प्रश्नों के साथ इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए । प्रतिभागी विधार्थियों के साथ रहे शारीरिक शिक्षक मुकेश चाहर ने बताया कि विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा कक्षा 8 की छात्रा सायशा ने जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान एवं केविना कक्षा (8) व सगंश भूतना कक्षा (7) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया । कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। आयोजन के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय आगमन पर विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती भावना मित्तल ने बताया कि विद्यालय के. बच्चों ने इस विषय पर जो अपनी श्रेष्ठता साबित की है वह सराहनीय एवं प्रशंसा योग्य है। आज की युवा पीढ़ी को ऐसी प्रतियोगिताओं में शामिल होकर देश के लिए अपने प्रेम एवं समर्पण को साबित करना चाहिए जो कि मदान स्कूल के विद्यार्थियों ने आज दिखाया है। साथ उन्होंने बच्चों की समझ एवं इस विषय पर उनके ज्ञान की सराहना की एवं अन्य बच्चों को भी प्रोत्साहित करते हुए विभिन्न प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया ।
