
हनुमानगढ़। बालाजी सेवा समिति ट्रस्ट की आम सभा की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष जगदीश राठी ने की। बैठक में ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत बालाजी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व पूजा-अर्चना के साथ की गई।
बैठक में सर्वप्रथम ट्रस्ट के गत कार्यकाल का विस्तृत लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसमें ट्रस्ट द्वारा किए गए सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी गई। लेखा-जोखा प्रस्तुत होने के पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने उस पर चर्चा की तथा सर्वसम्मति से उसे पारित किया। सदस्यों ने ट्रस्ट के कार्यों को पारदर्शी एवं समाज हित में बताया।
इसके पश्चात आगामी कार्यकारिणी के विस्तार एवं गठन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान सभी सदस्यों ने अध्यक्ष जगदीश राठी के पिछले कार्यकाल की मुक्त कंठ से सराहना की। सदस्यों ने कहा कि उनके नेतृत्व में ट्रस्ट ने सेवा कार्यों को नई दिशा दी है तथा समाज में सकारात्मक पहचान बनाई है। सदन में उपस्थित सदस्यों ने एकमत होकर जगदीश राठी को पुनः अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे भारी बहुमत से पारित किया गया।
वहीं सचिव पद के लिए किशन लाल के नाम का प्रस्ताव रखा गया। उनके सामाजिक कार्यों, संगठनात्मक क्षमता एवं सक्रिय सहभागिता को देखते हुए सदन ने उन्हें सचिव पद के लिए सर्वसम्मति से चुन लिया। नवनिर्वाचित सचिव किशन लाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे ट्रस्ट की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएंगे।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जगदीश राठी ने सभी सदस्यों का विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बालाजी सेवा समिति ट्रस्ट आगे भी समाज सेवा, जरूरतमंदों की सहायता, धार्मिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से जनहित में कार्य करता रहेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
बैठक में अनुज जिंदल, पंकज छाबड़ा, पवन पुजारी, प्रमोद राजपुरोहित, गगन बंसल, विशाल शर्मा, नीरज कुमार, धीरज बंसल, शुभम जिंदल, राजकुमार, विष्णु स्वामी ,गुरमीत सिंह, नरेश सोनी, राजेंद्र पारीक, ललिता शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
