
हनुमानगढ़। टाउन स्थित आर्य समाज मंदिर में आज श्रद्धा और आस्था के वातावरण में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। यह हवन यज्ञ डॉक्टर प्रदीप सहारण एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती अनुराधा सहारण द्वारा अपने पिता स्वर्गीय श्री कान्हाराम जी सहारण की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर परिवारजनों, आर्य समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया। हवन यज्ञ का विधिवत संचालन आनंद मोहन कौशिक द्वारा आर्य समाज की पद्धति के अनुसार किया गया। उन्होंने वैदिक मंत्रों के शुद्ध उच्चारण के साथ हवन संपन्न कराया। यज्ञ के दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वातावरण वेद मंत्रों की गूंज से भक्तिमय हो गया।इस अवसर पर एडवोकेट ओम प्रकाश मोदी,श्रीमती चन्द्रकला मोदी,वीरेंदर सोनी अध्यक्ष आर्य समाज, वीणा आर्य, वंदना आर्य,प्रवेश छाबडा, विष्णु वर्मा राजू वर्मा,पुष्पलता आर्य बलवंत सिंह,गुरजन्ट सिंह सहित समिति के अन्य सदस्यों ने भी हवन कुंड में आहुतियां डालीं और स्वर्गीय श्री कान्हाराम जी सहारण के जीवन एवं उनके संस्कारों को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि पुण्यतिथि जैसे अवसर हमें अपने पूर्वजों के आदर्शों से सीख लेने और समाज में सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा देते हैं। डॉक्टर प्रदीप सहारण एवं श्रीमती अनुराधा सहारण ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिता सदैव सामाजिक मूल्यों, सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति थे, और आर्य समाज की परंपरा के अनुसार हवन यज्ञ का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि देना उनके लिए भावनात्मक क्षण है।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने शांतिपाठ किया और प्रसाद वितरण के साथ हवन यज्ञ का समापन हुआ।
