
हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नंबर 35, सिगलीगर मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक साहिब में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बाबा जग्गा सिंह मुख सेवादार शहीद बाबा सुखा सिंह मेहताब सिंह तथा गुरुद्वारा गुरु नानकसर प्रेम नगर के प्रधान गुरबूटा सिंह बराड़ ने की। इस बैठक में गुरुद्वारा श्री गुरुनानक साहिब सिगलीगर मोहल्ला, हनुमानगढ़ टाउन की नई कमेटी का गठन किया गया, जिसका कार्यकाल एक वर्ष के लिए निर्धारित किया गया है। बैठक में वार्ड की समस्त साध संगत ने सर्वसम्मति से बलकरण सिंह ढिल्लों को गुरुद्वारा श्री गुरुनानक साहिब का प्रधान मनोनीत किया, जबकि राजेंद्र सिंह खालसा को सभापति चुना गया। इसके अतिरिक्त संगत की सहमति से जोगा सिंह डांगी को उपसभापति, जितेंद्र सिंह खालसा को कोषाध्यक्ष, गुरदास सिंह डांगी को सह-कोषाध्यक्ष तथा सुखदेव सिंह व प्रेम कुमार पार्षद को उपप्रधान, अमर सिंह को सचिव, मन्दर सिंह और सूरज सिंह को सहसचिव, रेशम सिंह,सुभाष सिंह, सिकंदर सिंह, सुनील कुमार अग्रवाल, गुरदास सिंह एवं मनजीत सिंह को लंगर प्रबंधक चुना गया। इस अवसर पर बाबा जग्गा सिंह ने समूह साध संगत को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को एकजुट होकर गुरुद्वारा श्री गुरुनानक साहिब के विकास के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने गुरुद्वारा के पूर्ण निर्माण, गुरुओं के प्रकाश पर्वों को भव्य रूप से मनाने तथा आने वाली पीढ़ी को गुरु इतिहास से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशों से दूर रखकर गुरु ग्रंथ साहिब से जोड़ने का संदेश दिया।बैठक के अंत में नवगठित कमेटी का संगत द्वारा स्वागत किया गया तथा गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष अरदास कर सभी की सुख-शांति, खुशहाली और चढ़दी कला की कामना की गई।
