
हनुमानगढ़ । टाउन में आज एनएसयूआई (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) द्वारा “युवाओं का युद्ध ड्रग्स के विरुद्ध” मुहिम के तहत एक भव्य महापदयात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश देना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की सहभागिता देखने को मिली। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया, पूर्व विधायक नोहर सुचित्रा आर्य, पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी, हरेंद्र चौधरी, अमीलाल पूर्व प्रधान सहित एनएसयूआई के अन्य प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत उत्तम पैलेस के हॉल में आयोजित एक सभा से हुई, जहां विभिन्न वक्ताओं ने नशे के खिलाफ अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि नशा आज युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बनता जा रहा है और इसके विरुद्ध संगठित होकर संघर्ष करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस मुहिम से जुड़कर न केवल स्वयं नशे से दूर रहें बल्कि आमजन को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें। इस अवसर पर एक विशेष दृश्य तब देखने को मिला जब प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ व जिलाध्यक्ष रोहित जावा को युवाओं ने अपने कंधों पर बिठाकर पैलेस के अंदर मंच तक पहुंचाया। यह दृश्य युवाओं के जोश, विश्वास और नेतृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक बना। सभा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और युवाओं को नशे के विरोध में शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। सभा के पश्चात महापदयात्रा का शुभारंभ हुआ। यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भारत माता चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “युवा जागे, देश आगे” जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा। भारत माता चौक पर पहुंचकर सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और “भारत माता की जय” के जयघोष लगाए। इसी के साथ महापदयात्रा का विधिवत समापन हुआ।
कार्यक्रम के मंच का संचालन युवा नेता कृष्ण नेहरा ने किया। आयोजन में कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, एनएसयूआई कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। यह महापदयात्रा नशे के खिलाफ युवाओं की एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी का मजबूत संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
