
श्रीगंगानगर । शरीर के हिस्से में 276 नशीली गोलियां छुपाकर श्रीगंगानगर सेंट्रल जेल पहुंचने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। अब तीनों से नशीली गोलियों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच अधिकारी हलवदार मुकेशचंद ने बताया- जेल में 2 दिसंबर को एक बंदी के बैग से 276 नशीली गोलियां बरामद हुई थी। पुलिस ने 3 दिसंबर 2025 को ही जेल प्रशासन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद तीन आरोपियों बंदी मानक सिंह, अकबर खान और बबलू भाट को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया।
गुरजीत सिंह छुपाकर ले गया था गोलियां
हलवदार मुकेशचंद ने बताया- जेल अधीक्षक की रिपोर्ट पर 3 दिसंबर को सूचना मिली कि 2 दिसंबर को नई आमद विचाराधीन बंदी गुरजीत सिंह अपने शरीर में बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां छिपाकर जेल पहुंचा था।
शुरुआती तलाशी में उसके पास कुछ नहीं मिला था, लेकिन सख्त पूछताछ में गुरजीत सिंह ने कबूल लिया कि वह 250 से 300 गोलियां शरीर के एक पार्ट में छिपाकर लाया था। बाद में उसने बंदी अकबर खान को गोलियां दे दी।
अकबर खान ने पूछताछ में बताया कि गोलियां उसने बबलू भाट को दे दी। बबलू भाट ने भी स्वीकार किया कि उसने इन गोलियों को मानक सिंह के बैग में छिपा दिया था। इसके बाद मानक सिंह के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें नीले रंग की प्लास्टिक थैली में छिपाकर रखी 276 नशीली गोलियां बरामद हुईं।
पुलिस अब इन कैदियों से गहन पूछताछ कर रही है।
