
हनुमानगढ़। वार्ड संख्या 50, सेक्टर नंबर 9 स्थित बिहारी बस्ती बड़ी लाईन क्षेत्र में तीसरे श्री श्री 108 अष्टजाम (रामधुन) का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन किया गया। संत नामदेव कैलाश वाटिका, हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जयकारों, भजन-कीर्तन एवं ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा के पश्चात दिनांक 31 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे विधिवत रूप से तीसरे श्री श्री 108 अष्टजाम (रामधुन) का शुभारंभ किया गया। अष्टजाम यज्ञ के अंतर्गत लगातार 24 घंटे तक रामधुन एवं हरे राम-हरे कृष्ण महामंत्र का अखंड जाप किया गया। भजन मंडलियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से की गई रामधुन से क्षेत्र का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
यज्ञ के दौरान विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ में आहुति देकर श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली, समाज में आपसी भाईचारे तथा नगर की उन्नति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान अनुशासन एवं व्यवस्था बनाए रखने में समस्त वार्डवासियों ने सक्रिय सहयोग किया।
समस्त वार्डवासियों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता मजबूत होती है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे क्षेत्र में शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
