
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के खुंजा इलाके में रविवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा संग्राम अभियान के तहत एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में खुंजा क्षेत्र के लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों से त्रस्त लोगों ने खुलकर कांग्रेस का स्वागत किया और कार्यक्रम में भारी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई। जनसभा में मौजूद वार्डवासियों ने युवा नेता अली हसन जोईया के नेतृत्व में नवनियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। लोगों ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से आमजन, खासकर मजदूर, किसान और गरीब वर्ग परेशान है और अब जनता बदलाव चाहती है। जनसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नरेगा को बचाना मतलब मजदूर की आवाज को बचाना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस देश में जिस भी सरकार ने मजदूरों का नुकसान किया है या उनका अपमान किया है, वह सरकार ज्यादा दिन सत्ता में नहीं रही है। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार जिस तरह से मजदूरों और गरीबों के साथ व्यवहार कर रही है, वह बेहद चिंताजनक है।
मनीष मक्कासर ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एक ऐसा ऐतिहासिक कानून था, जिसने गरीबों को काम का अधिकार दिया। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों परिवारों को रोजगार मिला और पलायन पर रोक लगी। लेकिन वर्तमान सरकार ने इस महत्वपूर्ण योजना को कमजोर कर दिया है। बजट में कटौती, नियमों में बदलाव और नाम बदलने जैसे कदमों से योजना की मूल भावना पर चोट की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मनरेगा को धीरे-धीरे खत्म करना चाहती है। ग्राम पंचायतों की शक्तियां छीनी जा रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की प्रक्रिया बाधित हो रही है। इससे गांवों के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मुख्य मुद्दा यही है कि मनरेगा योजना को उसके मूल स्वरूप में वापस लाया जाए और वीबी जीरामजी जैसी व्यवस्था को समाप्त किया जाए।
युवा नेता अली हसन जोईया ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि खुंजा क्षेत्र की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि युवाओं, मजदूरों और आमजन की समस्याओं को कांग्रेस ही गंभीरता से उठा रही है।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा संग्राम को और तेज करने का संकल्प लिया और जनता से अपील की कि वे मजदूरों के हक की इस लड़ाई में कांग्रेस का साथ दें। जनसभा में उठे नारों से पूरा क्षेत्र कांग्रेस के समर्थन में गूंज उठा।
सभा को गुरदीप चहल, तरुण विजय, अनिल खीचड़, सुरेश मारवाल, मनमोहन सोनी, गुरलाल मान, विजय टाक, अनूप चौधरी, विजय गोंद, अभिषेक रॉयल, रणवीर, आमिर खान, शाहरुख रोडवाली, खुशी अमलानी, कृष्ण, विनोद सुथार, जयराम ढुकिया, रामेश्वर चावरिया, सद्दाम हुसैन, रोहित स्वामी, यश चिलाना, गुरप्रीत मान ने संबोधित किया।
