
हनुमानगढ़। भाजपा नगरमंडल हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा केन्द्रीय सरकार का आम बजट सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम का आयोजन नगरमंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बजट प्रस्तुति के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों और घोषणाओं को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र पारीक उपस्थित रहे। उनके साथ मंडल महामंत्री प्रवीण सिंह परमार, मंडल उपाध्यक्ष जितेंद्र तेजवानी, नरेश पुरोहित, दयावंती वर्मा, मंडल मंत्री अशोक शर्मा, सीता स्वामी, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा राजकुमार गोस्वामी, नरेंद्र शेखावत, भगवान दास, बलविंदर सिंह, अमित बलाडिया, जितेंद्र घोड़ेला, अमित सैन सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय उपस्थिति रही।
बजट सुनने के पश्चात नगरमंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि यह केन्द्रीय बजट देश के समग्र विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें गरीब, किसान, मजदूर, महिला एवं मध्यम वर्ग के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। बजट में रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को मजबूती दी गई है।
पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है और यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि बजट में किए गए प्रावधान आमजन के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय बजट का स्वागत करते हुए इसे राष्ट्रहित में बताया और केंद्र सरकार की नीतियों पर विश्वास जताया।
