
हनुमानगढ़। महावीर इंटरनेशनल हनुमानगढ़ द्वारा विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ में एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, इसके लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और उपचार के महत्व को समझाना रहा। सेमिनार में बड़ी संख्या में महिलाएं, मरीज, नर्सिंग स्टाफ एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिप्रा शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमृतपाल सिंह तथा पीएमओ डॉ. शंकर सोनी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महावीर इंटरनेशनल हनुमानगढ़ के अध्यक्ष गौरव जैन एवं वीरा सेंटर अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने संयुक्त रूप से की।
मुख्य वक्ता स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिप्रा शर्मा ने महिलाओं में होने वाले कैंसर, विशेषकर सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। समय-समय पर जांच, स्वच्छता, संतुलित आहार और जागरूकता से कैंसर जैसी बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि शुरुआती अवस्था में कैंसर की पहचान हो जाने पर उपचार अधिक प्रभावी होता है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमृतपाल सिंह ने कहा कि कैंसर के प्रति भय के बजाय जागरूकता जरूरी है। उन्होंने बताया कि तंबाकू, धूम्रपान, गलत खानपान और अस्वस्थ जीवनशैली कैंसर के प्रमुख कारण हैं। यदि लोग इन आदतों से दूरी बनाएं और नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, तो कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
क्लब अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि महावीर इंटरनेशनल समाज सेवा के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विश्व कैंसर दिवस पर इस तरह के सेमिनार आयोजित करने का उद्देश्य समाज में सकारात्मक संदेश देना और लोगों को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।
वीरा सेंटर अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा समय-समय पर महिलाओं के लिए स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर क्लब की ओर से महिलाओं को सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया गया। सेमिनार के माध्यम से कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का सार्थक प्रयास किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। इस मौके पर डॉ. रुचिका, दीपिका जैन, कोमल, मीना, प्रेक्षा, पायल, संतोष, आशा, आरती, पूजा जैन मौजूद थे।
