
हनुमानगढ़। स्थानीय व्यापार मंडल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में आज दिनांक 5 फरवरी 2026 को कक्षा 12 की छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्साह, भावनाओं और संस्कारों का सुंदर संगम देखने को मिला। विदाई समारोह का उद्देश्य कक्षा 12 की छात्राओं को उनके विद्यालय जीवन की स्मृतियों के साथ आगामी परीक्षाओं एवं भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई। समारोह में विद्यालय का संपूर्ण शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम और भी गरिमामय बन गया।
कक्षा 11 की छात्राओं द्वारा कक्षा 12 की छात्राओं के लिए विशेष विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मनोरंजक प्रस्तुतियों के साथ-साथ उपहार एवं विभिन्न टाइटल प्रदान किए गए। इस अवसर पर छात्राओं के बीच सौहार्द और अपनत्व का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्रा कुमारी सानिया (कक्षा 12, आर्ट्स) को ‘मिस फेयरवेल’ के खिताब से नवाजा गया, वहीं ‘मिस वी.एम. गर्ल्स स्कूल’ का टाइटल कुमारी दिव्या को प्रदान किया गया। टाइटल प्राप्त करने पर छात्राओं को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मानित किया गया।
समारोह का कुशल मंच संचालन सुश्री श्वेता बगाई एवं श्रीमती पूनम शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को रोचक एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संजू गाड़िया, वी.एम. पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती किरण राठौड़ सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
इस अवसर पर वी.एम. शिक्षा समिति के पदाधिकारियों ने कक्षा 12 की सभी छात्राओं को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रधानाचार्या श्रीमती संजू गाड़िया ने अपने उद्बोधन में छात्राओं के साथ बिताए गए पलों को स्मरण करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार को छात्राओं की उपलब्धियों पर सदैव गर्व रहेगा। उन्होंने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय स्टाफ द्वारा छात्राओं को शुभकामनाएं दी गईं और विदाई समारोह भावुक वातावरण में संपन्न हुआ।
