
हनुमानगढ़। तृतीय नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी राजस्थान पैरा कबड्डी टीम का मकोन्स पार्क, सरस्वती कॉन्वेंट स्कूल परिसर में भव्य स्वागत किया गया। इस सम्मान समारोह का आयोजन समाजसेवी श्री राजेश दादरी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ।
खिलाड़ियों ने बताया कि टूर्नामेंट के लिए रवाना होते समय श्री राजेश दादरी उन्हें विदाई देने पहुँचे थे। उसी समय उन्होंने खिलाड़ियों को “भारत माता की जय” का नारा दिया, जो पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के लिए आत्मबल और ऊर्जा का स्रोत बना। खिलाड़ियों ने कहा कि जब भी मुकाबलों के दौरान वे कठिन परिस्थितियों में फँसे, तो उन्होंने इसी नारे को दोहराया, जिससे उन्हें नया जोश, आत्मविश्वास और मनोबल मिला।
टीम के डिफेंडर चेतराम ने कहा कि क्वार्टर फाइनल मुकाबले महाराष्ट्र के साथ मैच में संघर्ष की स्थिति में समाजसेवी राजेश दादरी द्वारा हनुमानगढ़ में कैंप के दौरान दिए गए उदघोष भारत माता की जय के माध्यम से मां भारती को याद किया, जिससे टीम को मानसिक मजबूती और निर्णायक बढ़त मिली।
वहीं टीम के रेडर मनीष ने कहा कि यह स्वर्ण पदक जीतना आसान नहीं था। हर मुकाबले में कड़ा संघर्ष रहा, लेकिन टीम भावना, निरंतर अभ्यास और जीत की जिद ने सफलता दिलाई।
इस अवसर पर पैरा ओलंपियन श्री जगसीर सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। एथलेटिक्स कोच श्री सुनील समरिया ने टीम की फिटनेस, रणनीति और अनुशासन को जीत का प्रमुख आधार बताया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित गुरुजी पं. विजयानंद शास्त्री ने अपने उद्बोधन में श्री राजेश दादरी की खेलों एवं समाज के प्रति समर्पण भावना की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा —
“जब व्यक्ति जीतने का निश्चय कर लेता है, तो परिस्थितियाँ स्वयं उसके अनुकूल बन जाती हैं।”
इस अवसर पर श्री महक गर्ग ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पैरा ओलंपियन और पैरा खिलाड़ियों का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि समाज, संस्थान और आयोजक हमेशा उनके साथ खड़े हैं और भविष्य में भी हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
वहीं श्री मधुसूदन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान पैरा कबड्डी टीम की यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप अकेले नहीं हैं, हम सभी आपके साथ हैं, और आगे भी आपके आत्मसम्मान, सम्मान और प्रगति के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
गौरतलब है कि AMTZ, विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) में 22 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित तृतीय नेशनल पैरा कबड्डी चैंपियनशिप में राजस्थान पैरा कबड्डी टीम ने अपने सभी सात मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
इस भव्य सम्मान समारोह को सफल एवं यादगार बनाने में श्री महक गर्ग, श्री योगेश गुप्ता, श्री सज्जन चमारिया, श्री अशोक गर्ग एवं श्री पारस गर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने आयोजन की व्यवस्थाओं से लेकर खिलाड़ियों के सम्मान तक हर स्तर पर भरपूर सहयोग प्रदान किया, जिससे यह पुरस्कार समारोह अत्यंत गरिमामय और भव्य बन सका।
सम्मान समारोह में खिलाड़ियों एवं ऑफ़िशियल स्टाफ को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह, पुरस्कारों के साथ-साथ ट्रैकसूट भी भेंट किए गए, जो पहले से किया गया एक वादा था और खिलाड़ियों के प्रति सम्मान व सहयोग का प्रतीक रहा।
