
श्रीगंगानगर । शनिवार रात करीब 12:30 बजे मीरा चौक के पास दो कारों पर हमलावरों ने जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। दोनों क्षतिग्रस्त कारें कांग्रेस नेता व राजस्थान शिया मुस्लिम महासभा के प्रदेशाध्यक्ष रजा अब्बास नकवी के भाई और बहनोई की बताई जा रही हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को साइड में करवाया और जांच शुरू कर दी है। देर रात तक कार्रवाई जारी रही। घटना जवाहरनगर थाना क्षेत्र की है।

घटना की सूचना पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
दुकान के सौदे से उपजा विवाद
जानकारी के अनुसार- यह पूरा मामला नई धानमंडी की सब्जी मंडी में एक दुकान से जुड़ा है। रजा अब्बास नकवी का आरोप है कि करीब ढाई साल पहले उन्होंने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और फ्रूट कारोबारी बाबू खां रिजवी से 3.30 करोड़ रुपए में 25×95 फीट की यह दुकान खरीदी थी। एग्रीमेंट हो चुका है, लेकिन पेमेंट को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। रजा का कहना है कि उन्होंने सारे पैसे चुका दिए, लेकिन बाबू खां ने धोखे से दुकान बेची और अब कब्जे की कोशिश की जा रही है।
रजा अब्बास का आरोप रजा अब्बास ने बताया- शनिवार को बाबू खां ने अपने भाई इमरान, बेटे अली समेत 20-25 बदमाशों को दुकान पर भेजा। हमने कोतवाली में सूचना दी, पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग गए। मैं रीको के किन्नू वैक्सिंग प्लांट से निकला और भाई-जीजा को मीरा चौक बुलाया। दोनों कारें (ब्रेजा और इंडिगो) मौसम विभाग रोड पर खड़ी थीं। तभी बदमाश आए और दोनों गाड़ियों पर हमला कर तोड़फोड़ की। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया। कोर्ट में भी केस चल रहा है।
बाबू खां रिजवी का पलटवार
दूसरी तरफ बाबू खां रिजवी ने आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा- रजा अब्बास मुझे दुकान की बकाया राशि नहीं दे रहा। बिना पूरे पैसे दिए रजिस्ट्री कैसे हो सकती है। यह हमला मैंने नहीं कराया। वे कब्जा करके बैठे हैं। पुलिस जांच में सब साफ हो जाएगा। मैं गलत नहीं हूं।
पुलिस जांच में खुलेंगे राज
जवाहरनगर पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। घटना की सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर जांच चल रही है। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस मामले को सुलझाने में जुटी है।
