
श्रीगंगानगर । चूनावढ़ में महाशिवरात्रि के अवसर पर शनिवार को शिव शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा वार्ड नंबर 2 स्थित वाटर वर्क्स के पास गोगामेड़ी परिसर में बने शिव भोलेनाथ मंदिर से शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा मुख्य बाजार, बस स्टैंड सहित कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरी और वापस मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भोलेनाथ का स्वागत किया। डीजे की धुन पर श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाते हुए झूमते नजर आए।

शोभायात्रा वार्ड नंबर 2 में गोगामेड़ी परिसर में बने शिव भोलेनाथ मंदिर से निकाली गई।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और धार्मिक संदेश भी दिया। बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने भी इस शोभायात्रा में सक्रिय रूप से भाग लिया।
मंदिर के पुजारी शंकर लाल ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में जय शिव शंकर सेवा समिति चूनावढ़ द्वारा कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भजन मंडली द्वारा शिव महिमा का गुणगान और रविवार रात्रि को भोले शंकर का जागरण शामिल है।
