
हनुमानगढ़। इस बार गोशाला सेवा समिति ने होली के अवसर पर खास तैयारी की है। समिति ने होलिका दहन के लिए रंगीन उपलों की व्यवस्था की है, जो निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल इस धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व को और भी विशेष बनाने का प्रयास है। उक्त तैयारियों के संबंध में गौशाला समिति की बैठक में जंक्शन में अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। समिति अध्यक्ष इन्द्र हिसारिया ने बताया कि श्री गोशाला सेवा समिति पिछले 15 वर्षों से गोशाला में होली का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाती आ रही है। करीब दस दिन पहले से गोशाला में रंगीन उपलों का निर्माण शुरू हो जाता है। ये उपले उन संस्थाओं को निशुल्क प्रदान किए जाते हैं, जो होलिका दहन का आयोजन करती हैं। इस बार गोशाला परिसर में भी होलिका दहन किया जाएगा, जिसमें रंगीन उपलों का उपयोग किया जाएगा। यह कदम खासतौर पर उन परिवारों के लिए राहतकारी साबित होगा, जो होलिका दहन के लिए उपलों की व्यवस्था करने में सक्षम नहीं होते। समिति ने यह सुनिश्चित किया है कि इस होली पर्व को पारंपरिक रूप से मनाया जाए और यह सांस्कृतिक महत्व को बरकरार रखा जाए। 03 मार्च को गोशाला में भव्य होली पर्व का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वृंदावन से प्रसिद्ध कलाकारों का दल विशेष प्रस्तुति देने के लिए गोशाला पहुंचेगा। इन कलाकारों द्वारा धार्मिक संगीत, कथाएं और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो न केवल दर्शकों का मनोरंजन करेंगी, बल्कि धार्मिक वातावरण को भी जीवित रखेंगी। कार्यक्रम में सभी को भाग लेने का अवसर मिलेगा और यह आयोजन क्षेत्रवासियों को एकजुट करने का एक अहम माध्यम बनेगा। साथ ही, गोशाला सेवा समिति की ओर से कढ़ी, चावल, पकौड़े व काफी का भंडारा भी आयोजित किया जाएगा। इस बार महिला व पुरुषों के लिये अलग अलग पंडाल की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर सचिव कानचंद गोयल, विजय बलाडिया, बीरबल जिन्दल, वीरेन्द्र गोयल बब्बी भटेवाले, गोपाल जिन्दल, मनीष बत्तरा, मुकेश महर्षि, सौरभ जिन्दल, रामकुमार, लवली चावला, जगदीश अग्रवाल, सुशील मोहता, सुलतान सहू, विजय जांगिड़, अशोक अग्रवाल, महावीर बंसल, रघुवीर बंसल, महावीर जांगिड़, मनीष कौशिक सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
