
हनुमानगढ़। महाराजा अग्रसैन चौक स्थित इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर में शनिवार को भगवान शिव परिवार एवं शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुई। प्रातःकाल पंडित उदयभान शर्मा के सानिध्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में पार्षद मनोज बड़सीवाल, पवन वर्मा, इन्द्रपाल वर्मा, राकेश दादरवाल, मनीष सेतिया, गगन, शिवराज, सौरभ, सोनू सेतिया तथा करण नायक ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग एवं शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा करवाई। वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ अनुष्ठान में भाग लेते हुए भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर हवन यज्ञ का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी यजमानों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति देकर लोक कल्याण की प्रार्थना की। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए।
कार्यक्रम में रामकुमार सेतिया, गुरबख्श सिंह, लाभ सिंह, अर्जुन यादव, नरेश नायक, महेश वर्मा, रोशन बावरी, उपदेश कुमार, रणजीत इसां, कृष्ण सैनी, लालचंद वर्मा, जगजीत सिंह, अशोक नाई तथा लाभ सिंह मान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आरती में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
