
हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) जिला कमेटी हनुमानगढ़ ने नेठराना गांव में दस वर्षीय बालक अभिषेक शर्मा की हत्या के मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
डीवाईएफआई जिला महासचिव वेद मक्कासर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि गांव नेठराना, तहसील भादरा, जिला हनुमानगढ़ में दस वर्षीय अभिषेक शर्मा की हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया गया। इस जघन्य घटना से पूरा क्षेत्र शोक और आक्रोश में है। ज्ञापन में बताया गया कि स्थानीय लोग लगातार हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
संगठन ने आरोप लगाया कि घटना के विरोध में हजारों लोग गोगामेड़ी थाने के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं और मृतक को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होना जनभावनाओं की अनदेखी है। ज्ञापन में कहा गया कि जिले में हत्या और डकैती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डीवाईएफआई ने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र में शांति स्थापित हो। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि अभिषेक शर्मा के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो भारत की जनवादी नौजवान सभा व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वेद मक्कासर, सुनील सहारण, लालचंद एडवोकेट, बलकरण खुंजा, कपिल, गुरप्रेम सिंह, शोपत वर्मा, अमित, महेन्द्र, राजेश, बिट्टू, राजेश शर्माद्व धर्मेन्द्र सिंह, करणी सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और प्रशासन से संवेदनशीलता एवं सख्त कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
