
श्रीगंगानगर । जिले के चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव 9 जी छोटी में सोमवार दोपहर शादी समारोह के दौरान एक युवक पर हथौड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव 9 जी छोटी निवासी जसकरण सिंह पुत्र बीला सिंह की बहन का विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान एक युवक ने पीछे से आकर जसकरण सिंह के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया। हमले में जसकरण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर पर सात-आठ टांके लगे हैं।
घायल को पहले चूनावढ़ के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया।
हमले के बाद परिजनों ने आरोपी युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र बलजीत निवासी 18 एपीडी बांडा, थाना समेजा कोठी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी भी रिश्तेदार है।
पुलिस ने आरोपी को राउंडअप कर लिया है और घायल के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
