
श्रीगंगानगर । मेन पोस्ट ऑफिस परिसर में चल रहे पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलते ही पोस्ट ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत पूरा परिसर खाली करवा दिया और सुरक्षा के घेरे में ले लिया।
जानकारी अनुसार- यह धमकी ई-मेल के माध्यम से आई, जिसमें पासपोर्ट कार्यालय को बम ब्लास्ट से उड़ाने की चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी जांच में जुट गए हैं।

पोस्ट ऑफिस के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी।
पुलिस की सतर्कता बढ़ाई
पासपोर्ट कार्यालय मुख्य पोस्ट ऑफिस की पिछली बिल्डिंग में संचालित होता है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सीओ सिटी विशाल जांगिड़ खुद मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
फिलहाल बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) के पहुंचने का इंतजार है, जो परिसर की तलाशी लेगा। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है। इसके साथ ही प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी धमकी मिली है।
