
श्रीगंगानगर । विदेश भेजने के नाम पर युवक से लाखों ठगी का मामला सामने आया है, जहां आरोपी ने फर्जी ऑफर लेटर और एग्रीमेंट देकर दो भाइयों से करीब 2.80 लाख रुपए ले लिए।
रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर आरोपी ने खुद को विदेश भेजने का एक्सपर्ट बताया और माल्टा व क्रोएशिया में जॉब लगवाने का झांसा दिया।
सोशल मीडिया से हुआ संपर्क, खुद को बताया एक्सपर्ट
पुलिस को दी रिपोर्ट में प्रेम कुमार निवासी रायसिंहनगर ने बताया कि उनका संपर्क सोशल मीडिया के जरिए अंकुर चौधरी नाम के व्यक्ति से हुआ।
अंकुर ने खुद को विदेश भेजने का एक्सपर्ट बताया और अपना ऑफिस उत्तर प्रदेश के भूडाना में होना बताया।
भाई के नाम पर लिए 1.80 लाख रुपए, फिर 1 लाख रुपए
प्रेम कुमार 21 अगस्त 2024 को भूडाना गए। वहां आरोपी अंकुर ने उनके भाई रिछपाल को माल्टा भेजने का झांसा देकर 1 लाख 80 हजार रुपए ले लिए।
इसके बाद 29 जनवरी 2025 को आरोपी खुद रायसिंहनगर आया। यहां उसने दूसरे भाई वेदप्रकाश को कुरेशिया भेजने का झांसा दिया और 1 लाख रुपए और ले लिए।
फर्जी एग्रीमेंट और ऑफर लेटर देकर मांगा समय
आरोप है कि अंकुर ने इस दौरान एग्रीमेंट साइन कराया, जिसमें गलत नाम और पता लिखवाया। साथ ही फर्जी ऑफर लेटर भी दिया और 15 मई तक का समय मांगा।
काफी समय बीतने के बाद जब प्रेम कुमार ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी अपनी बात से मुकर गया और पैसे लौटाने से मना कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई चुन्नीलाल कर रहे हैं।
