
श्रीगंगानगर। जिले के पदमपुर में टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन 12वें दिन भी जारी रहा।
मंगलवार को टोल हटाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर पदमपुर बंद रखा गया, जिसे कई संगठनों का समर्थन मिला।
संघर्ष समिति के सदस्य सुखबीर सिंह फौजी ने बताया कि 18बीबी और 9ए टोल नाकों पर पिछले 12 दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन चल रहा है।
प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
बंद का व्यापक असर
मंगलवार को पदमपुर बंद का असर साफ दिखाई दिया। बाजार बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। भगत सिंह चौक समेत प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शनकारी एकत्रित होकर नारेबाजी करते रहे।

ग्रामीणों ने टोल प्लाजा बंद करने की मांग को लेकर गांव में आक्रोश रैली निकाली।
अवैध वसूली का आरोप
फौजी ने कहा- टोल का समय पूरा हो चुका है, फिर भी अवैध वसूली जारी है। किसान, व्यापारी और आम जनता इससे परेशान है।
आज के बंद को किसान संगठनों, व्यापार मंडल, युवा क्लबों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने पूर्ण समर्थन दिया।
सुबह से ही भगत सिंह चौक समेत मुख्य चौराहों पर प्रदर्शनकारी इकट्ठे हुए। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर भारी जाब्ता तैनात किया हुआ है। फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।

टोल हटाओ संघर्ष समिति के आव्हान पर आज पदमपुर बंद रखा गया है।
आंदोलन उग्र करने की चेतावनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा की वजह से रोजाना सैकड़ों वाहनों से भारी टोल वसूली हो रही है, जबकि सड़क की स्थिति भी खराब है।
क्षेत्र के पूर्व मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता तो आंदोलन और उग्र होगा।
टोल हटाओ संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को पूरे जिले स्तर पर फैलाया जाएगा।
