
श्रीगंगानगर । 18 मार्च को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव से खासकर किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि खेतों में खड़ी और कटी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
पिछले दो दिनों से ठंडी हवाओं का असर
श्रीगंगानगर में पिछले दो दिनों से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम में ठंडक बनी हुई है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है।
तापमान में आई गिरावट
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर के अनुसार मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री रहा। वहीं रविवार को न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
श्रीगंगानगर में धूल भरी आंधी और ठंडी हवाओं का दौर जारी है।
आसमान में बादलों की आवाजाही
मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। सोमवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलीं और कई जगह काले बादल छाए रहे, जिससे मौसम में बदलाव साफ नजर आया।
किसानों की बढ़ी चिंता
बदलते मौसम को लेकर किसान चिंतित हैं। इस समय सरसों और जौ की फसलें पक चुकी हैं और कई जगह कटाई का काम चल रहा है।
आंधी-बारिश से फसलों को हो सकता है नुकसान
अगर इस दौरान आंधी और बारिश होती है तो खड़ी फसलें गिर सकती हैं और कटी हुई फसलें भीग सकती हैं। इससे फसल की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा और उत्पादन में भी कमी आ सकती है। इसके साथ ही कटाई का काम भी प्रभावित हो सकता है। कई किसानों ने पहले ही खराबे की आशंका जताई है।
