
श्रीगंगानगर । जिले में गुरुवार को हुई रिमझिम बारिश के बाद आज घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 10 मीटर तक रह गई। सड़क पर वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। वहीं, मौसम भी काफी ठंडा है जिसके कारण लोग मार्च महीनें में भी गर्म कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकल रहे हैं। बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है, जिसके कारण लोग घरों से गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकल रहे हैं।
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री रिकार्ड किया गया।
18 मार्च से राजस्थान में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है, जिसके कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। पिछले एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान में 15 डिग्री की गिरावट आई है। जिससे मार्च महीने में जनवरी की ठंड का एहसास हो रहा है। लोग दोपहर के समय में भी गर्म कपड़े पहनकर घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जगह हल्की बारिश भी होगी।
