
श्रीगंगानगर। राजस्थान दिवस के अवसर पर गुरुवार को श्रीगंगानगर में शिवपुर हैड पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें लोक कलाकारों ने केसरिया बालम आवो नी, पधारो म्हारे देश से लेकर घूमर, कालबेलिया, भवई, दमादम मस्त कलंदर और भांगड़ा तक की प्रस्तुतियां देकर राजस्थान की जीवंत लोक कला और संस्कृति को नए सिरे से जीवंत कर दिया।
बीकानेर के कलाकारों लोक गीत गाए
कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा गंगासिंह को नमन और स्मरण से हुई। पर्यटन विभाग बीकानेर के कलाकारों ने लोकगीत गाए और नृत्य किए। केसरिया बालम के सुरों से लेकर गोरबन्द नखरालो, कान्या-मान्या कुर्र गीतों के बाद शुभ स्वागत और चरी नृत्य ने सबका दिल जीत लिया।
सोनिया की आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां और राजस्थानी वेशभूषा में सजे-धजे कलाकारों की परफॉर्मेंस ने सबका दिल जीत लिया। कालबेलिया की थिरकन, लंगा-मांगणियार की मधुर आवाजें, घूमर की लय, भवई का जादू और भांगड़ा-पंजाबी नृत्यों की धमक ने मौजूद लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
विधायक-कलेक्टर रहे मौजूद
इस खास मौके पर श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी, सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़, जिला प्रभारी सचिव विश्राम मीणा, जिला कलक्टर डॉ. मंजू, एसपी हरिशंकर, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता रीना, जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया, जिला परिषद सीईओ गिरधर, एसडीएम नयन गौमत सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

शिवपुर हैड पर महाराजा गंगा सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए जनप्रतिनिधि व अधिकारी।

कार्यक्रम में कालबेलिया नृत्य करते हुए कलाकार।

