
श्रीगंगानगर| भाजपा रायसिंहनगर देहात और केसरीसिंहपुर नगर मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर महाअभियान का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। रायसिंहनगर देहात मंडल के उद्घाटन सत्र में श्रीगंगानगर भाजपा जिला अध्यक्ष शरणपाल सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री और अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निहालचंद, पूर्व विधायक बलबीर सिंह लूथरा, मंडल अध्यक्ष प्रदीप खीचड़ उपस्थित थे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनैतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित एक सशक्त विचार परिवार है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सेवा और विकास के संकल्प को पहुंचाने का काम करें। इसी प्रकार केसरीसिंहपुर नगर मंडल के प्रशिक्षण शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी ने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों को मजबूत बनाना है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मुकेश पुरोहित व रामप्रकाश गोदारा सहित प्रमुख भाजपा पदाधिकारी और मंडल कार्यकर्ता उपस्थित थे।
