
हनुमानगढ़ ।पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने शुक्रवार को घोषणा की कि जिले में संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा। इसके तहत पुलिस अब रात के अलावा भोर गश्त भी करेगी। उन्होंने नेठराना हत्या मामले और विस्फोटक पदार्थ (आईईडी) की बरामदगी से जुड़े संवेदनशील मामले की जांच पर भी जानकारी दी।
एसपी मीना ने बताया कि संगठित अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पांच से अधिक मुकदमे दर्ज होने पर आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि आपराधिक तत्वों के अतिक्रमण हटाने का अभियान भी जारी है। अपराधियों को निकलने का सुरक्षित समय न मिले, इसके लिए रात्रि गश्त की तर्ज पर अब सुबह के समय ‘भोर गश्त’ भी शुरू की जाएगी।
जिले से गुजर रहे भारतमाला एक्सप्रेस-वे के माध्यम से मादक पदार्थ और हथियार तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए एक्सप्रेस-वे पर गश्त बढ़ाई जाएगी। एसपी ने यह भी कहा कि शराब की दुकानों को निर्धारित समय पर बंद कराने और सट्टा नेटवर्क चलाने वालों के खिलाफ जल्द ही प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, जिसका असर आने वाले समय में दिखाई देगा।
एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने क्षेत्र में नशे के प्रसार पर रोक लगाने और तस्करी में लिप्त तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात दोहराई। यह पुलिस की प्राथमिकताओं में से एक है।
नेठराना में स्कूली बच्चे की हत्या के मामले पर एसपी मीना ने कहा कि इस मामले को जल्द सुलझाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरुवार को कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्वयं गोगामेड़ी जाकर केस के संबंध में पूछताछ की है।
पिछले दिनों हनुमानगढ़ के रास्ते विस्फोटक पदार्थ आईईडी के अंबाला पहुंचने के मामले पर एसपी ने कहा कि विभिन्न एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं। मामला संवेदनशील होने के कारण अधिक जानकारी देना संभव नहीं है, लेकिन पुलिस और अन्य एजेंसियां विस्फोटक पदार्थ के रूट से लेकर स्लीपर सेल की संभावना तक सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अरविंद भी मौजूद रहे।
