
हनुमानगढ़ । अग्रवाल समाज समिति एवं जनकल्याण समिति के सचिव अमरनाथ सिंगला ने अपने पुत्र नवीन सिंगला की स्मृति में रविवार को परिवार के सदस्यों के साथ पौधारोपण किया व परिंडे लगाए। जंक्शन के सरस्वती कन्या महाविद्यालय में सिंगला परिवार की ओर से अशोक, पीपल सहित अन्य प्रजातियों के 23 पौधे लगाए गए। पेड़ों पर 11 परिंडे टांगे। अमरनाथ सिंगला ने कहा कि अपनों की याद में अगर हम पौधा लगाते हैं तो वह हमें आजीवन उनकी याद दिलाता रहेगा। इसके साथ पेड़- पौधों का मनुष्य के जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। इसलिए मनुष्य को अपने प्रियजनों की याद में कम से कम दो पौधे अवश्य लगाने चाहिएं। नवीन सिंगला के पुत्र आदित्य सिंगला ने कहा कि उनके पिता को इससे बड़ी कोई श्रद्धांजलि नहीं हो सकती कि उनके नाम पर लगाया गया पौधा हराभरा रहे और वृक्ष बनकर छाया दे। उन्होंने कहा कि हर मानव पर प्रकृति का ऋण होता है जो न केवल जीते जी अपितु मरने के बाद भी रहता है। अगर हम उनकी स्मृति में उनके नाम से कोई पौधा लगाते हैं तो यह ब्रह्मभोज से भी बड़ा पुण्य का कार्य है। रेणु सिंगला ने कहा कि आज पौधे लगाए तो आने वाली पीढिय़ों को भी उसका लाभ होगा। विगत कुछ दशकों में मानव ने पेड़ों को काटा ही नहीं, एक तरह से उनकी सामूहिक निर्मम हत्या की है। इस मौके पर प्रवीण देवी, दर्शन गर्ग, वीरा रानी, कांता देवी, शीला रानी, रतनलाल गर्ग, गोकर्ण गर्ग, मनोहर लाल सिंगला आदि मौजूद थे।
