
हनुमानगढ़ ।पीलीबंगा थाना पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पीलीबंगा निवासी विजयपाल सदासिंहवाला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवर और नकदी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 मार्च को सदासिंहवाला निवासी लक्ष्मी देवी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादिया ने गांव के ही एक युवक पर चोरी का शक जताया था। रिपोर्ट में करीब 5 तोला सोने के जेवर और 1200 रुपए की चोरी का उल्लेख किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की। आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहा था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी विजयपाल की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के जेवर और नकदी बरामद की गई। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एएसआई राजेंद्र कुमार और कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल थे।

