
श्रीगंगानगर ।वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से राजस्थान के उत्तरी जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार शाम को श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़, रायसिंहनगर, करणपुर सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और भारी ओलावृष्टि हुई। ओलों की मार से खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। कई जगहों पर खेत सफेद पड़ गए और फसलें बिछ गईं।
किसान बताते हैं कि पकने की कगार पर पहुंची फसल अचानक आई इस आफत से बुरी तरह प्रभावित हुई है। ओलावृष्टि के कारण गेहूं के दाने गिर गए और सरसों की फलियां टूट गईं। आस-पास के गांवों में किसानों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है। तेज ओले और बारिश ने सब कुछ बर्बाद कर दिया।
श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर आज मौसम साफ है और हल्के बादल छाए हुए हैं।
ओलावृष्टि का अलर्ट
शनिवार सुबह जिला मुख्यालय और आस-पास के क्षेत्रों में मौसम साफ हो गया। धूप निकलने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई, लेकिन किसानों की चिंता बनी हुई है। मौसम विभाग ने 6 अप्रैल तक आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट किया है। ऐसे में खड़ी फसलों को और नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
तापमान में हो रहा उतार-चढ़ाव
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री रहा, जबकि गुरुवार को न्यूनतम 20 डिग्री और अधिकतम 37.02 डिग्री दर्ज किया गया था। अचानक मौसम बदलने से दिन के तापमान में काफी गिरावट आई है।

