
श्रीगंगानगर । वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से जिले का मौसम शनिवार को पूरी तरह बदल गया। सुबह से ही धूल भरी तेज आंधी के साथ हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है। पड़ोसी जिले हनुमानगढ़ में शुक्रवार को हुई बारिश के बाद यहां भी मौसम सुहावना हो गया है और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री रहा, जबकि गुरुवार को न्यूनतम 22.6 डिग्री और अधिकतम 42.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
इस मौसम बदलाव से गर्मी की चुभन कम हुई है। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस के इस प्रभाव से हल्की बारिश हो सकती है। रविवार से मौसम ड्राई रहेगा और फिर से तेज गर्मी पड़ना शुरू हो जाएगी।

