
श्रीगंगानगर ।आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए जिले में गुरुवार रात 9 बजे हवाई हमले की चेतावनी और ब्लैकआउट को लेकर मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान शहर में लगाए गए करीब 35 सायरन एक साथ बजे और करीब 40 मिनट तक जिलेभर में पावर कट लगाया गया और शहर में अंधेरे में रहा।
जिला कलेक्टर ड़ॉ. अमित यादव ने कहा- जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट परिसर में अचानक हुए आतंकी बम हमले की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन का समूचा अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। हमले में घटनास्थल पर घायलों को प्राथमिक उपचार के पश्चात एम्बुलेंस द्वारा चिकित्सालय ले जाकर चिकित्सा आरंभ की गई।
कलेक्ट्रेट परिसर में अचानक हुए आंतकी बम हमले की सूचना मिलने पर फायर गाड़ियों द्वारा तत्काल आग पर काबू पाया गया। सिविल डिफेंस की टीम द्वारा परिसर में फंसे नागरिकों को रस्सी के माध्यम से रेसक्यू किया गया। मौके पर घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, पुलिस अधीक्षक हरिशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व राहत में लगे दल कार्मिकों के साथ आवश्यक उपकरण लेकर पहुंचे। घटना स्थल पर घायल नागरिकों को प्राथमिक उपचार के पश्चात एम्बुलेंस द्वारा जिला चिकित्सालय ले जाया गया।

