
हनुमानगढ़ ।टाउन क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियुक्त एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) के खिलाफ भाजपा नगर मंडल ने मोर्चा खोल दिया है। टीम पर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाते हुए बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सहायक अभियंता मुकेश कुमार से मुलाकात की। ज्ञापन में बताया गया कि टाउन क्षेत्र में एफआरटी टीम के कर्मचारी अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरत रहे हैं। फॉल्ट ठीक करने में अनावश्यक देरी की जा रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रात के समय बिजली संबंधी समस्याएं लंबे समय तक बनी रहती हैं, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर एफआरटी कर्मी फॉल्ट सुधारने के बदले पैसे की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा कुशल कर्मचारियों के बजाय अकुशल कर्मियों से काम लिया जा रहा है, जिससे समस्याएं और बढ़ रही हैं। कुछ मामलों में उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार और विवाद की शिकायतें भी सामने आई हैं। आरोप है कि यह सब ठेकेदार की शह पर हो रहा है और ठेके की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा।
नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ता विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन और घेराव करेंगे। उन्होंने एफआरटी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग भी उठाई।
सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान महामंत्री अशोक खिच्ची, राजपाल, सिद्धार्थ भार्गव, विनोद वर्मा, राजेंद्र वर्मा, संदीप छाबड़ा, विकास डोडा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

