
हनुमानगढ़ ।जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 13 ऊंट बरामद किए हैं। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन ऊंटों को अवैध रूप से हरियाणा और उत्तर प्रदेश ले जाने का आरोप है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नूंह (हरियाणा) निवासी अमजद और अरमान तथा भोंडसी (हरियाणा) निवासी शकील के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजस्थान ऊंट (वध का प्रतिषेध और अस्थायी प्रव्रजन या निर्यात का विनियमन) अधिनियम, 2015 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
नोहर तिराहे पर पकड़ा ट्रक पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक ट्रक में ऊंटों को भरकर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम नोहर तिराहे पर पहुंची। वहां लोगों ने पहले ही ट्रक को रोक रखा था और मौके पर भारी भीड़ जमा थी।
ऊंटों के पैर रस्सियों से बांधे हुए थे ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें कुल 13 ऊंट ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले। ऊंटों के पैर रस्सियों से बांधे गए थे, जिससे उन्हें हिलने-डुलने की भी जगह नहीं मिल रही थी। कई ऊंटों के शरीर पर चोट के निशान थे और वे दर्द से कराह रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों के पास ऊंटों के परिवहन संबंधी कोई वैध अनुमति या लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने मौके से ट्रक और सभी ऊंटों को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद ऊंटों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

