
हनुमानगढ़। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में हेरोइन, अफीम और चूरा-पोस्त बरामद किया गया। यह कार्रवाई जिले के अलग-अलग थाना इलाकों में की गई।
पहली कार्रवाई हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने की। गश्त के दौरान पुलिस ने मुंडा निवासी विनोद कुमार (27) को 51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 4450 रुपए की नकदी के साथ पकड़ा। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई है।
दूसरी कार्रवाई साइबर थाना पुलिस ने की। पुलिस ने 500 ग्राम अफीम बरामदगी के एक पुराने मामले में वांछित आरोपी जसपाल आंजना उर्फ बिरजू (43) को गिरफ्तार किया। वह प्रतापगढ़ के गंधेर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, जसपाल के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले दर्ज हैं।
तीसरी कार्रवाई संगरिया थाना पुलिस ने की। पुलिस ने 25 मार्च के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी जसकरण सिंह उर्फ जस्सा (50) को गिरफ्तार किया। जसकरण मलखेड़ा का निवासी है। इस मामले में उसकी गाड़ी से 2 किलो 600 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। तीनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

